सोनिपत। शिक्षा एवं उद्योग नगरी सोनिपत में राष्ट्रीय हिंदी दैनिक हरिभूमि के तत्वावधान में आयोजित “9वां कवि सम्मेलन” शनिवार को जीवीएम गर्ल्स कॉलेज ऑडिटोरियम, मुरथल रोड में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में हास्य, व्यंग्य, गीत एवं काव्य की विविध विधाओं की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को देर शाम तक बांधे रखा।
कवि सम्मेलन में आमंत्रित कवियों में श्री महेश दुबे (हास्य रस), डॉ. संदीप अत्रेयाना (हास्य-व्यंग्य), डॉ. नसीर गुप्ता (हास्य रस), सुश्री मोनिका (गीतकार) तथा श्री चेतन चर्चित (हास्य रस) शामिल रहे। कवियों ने अपनी सशक्त रचनाओं के माध्यम से जहां समाज और राजनीति पर व्यंग्य किया, वहीं गीतों व हास्य प्रस्तुतियों से पूरे सभागार में तालियों की गूंज सुनाई दी।
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सुमीत अलख, जितेंद्र कामरा, हर्ष वधवा एवं ऋषिपाल बदाना को Outstanding Social Work के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त करने वालों ने इसे समाजसेवा के प्रति उनकी जिम्मेदारी और प्रेरणा को और मजबूत करने वाला बताया।
कार्यक्रम में सामाजिक व सार्वजनिक जीवन से जुड़े अनेक विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रही। प्रमुख रूप से श्री मोहन लाल बडोली (भाजपा, हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष), श्रीमती कृष्णा गहलावत (विधायक, राई), श्री निखिल मदान (विधायक, सोनीपत) तथा श्री राजीव जैन (पूर्व मेयर, सोनीपत नगर निगम) उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त माननीय सांसद श्री ब्रह्मचारी ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। वहीं कांग्रेस की ओर से श्री कमल देवान (अध्यक्ष, अर्बन कांग्रेस, सोनीपत) एवं श्री संजीव दहिया (अध्यक्ष, रूरल कांग्रेस, सोनीपत) भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि कवि सम्मेलन में शहरवासियों की बड़ी भागीदारी रही और कार्यक्रम को सभी वर्गों का भरपूर समर्थन मिला। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी अतिथियों, कवियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।



