सर्दी में सेवा की मिसाल: मानव सेवा ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क मिंक कंबल वितरण, मेयर राजीव जैन का हुआ सम्मान- अलख
सोनीपत।
सर्दियों की ठिठुरन के बीच जरूरतमंदों को राहत पहुँचाने और मानवता की सेवा के संकल्प को साकार करने हेतु मानव सेवा ट्रस्ट द्वारा मॉडल टाउन स्थित मानव सेवा ट्रस्ट लाइब्रेरी में निःशुल्क मिंक कंबल वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व ट्रस्ट के अध्यक्ष सुमीत अलख एवं मानव सेवा ट्रस्ट की समर्पित टीम ने किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य सर्दी के मौसम में उन लोगों तक सहायता पहुँचाना था, जिनके पास ठंड से बचाव के पर्याप्त साधन नहीं हैं। “नर सेवा ही नारायण सेवा है” और “मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है” जैसे भावों के साथ बड़ी संख्या में जरूरतमंदों को उच्च गुणवत्ता के सुंदर एवं गर्म मिंक कंबल वितरित किए गए। कंबल वितरण के दौरान लोगों के लिए चाय, बिस्कुट एवं मिठाई की भी व्यवस्था की गई, जिससे उन्हें सम्मान और अपनत्व का अनुभव हो।
इस अवसर पर सोनीपत के मेयर श्री राजीव जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने पर अध्यक्ष सुमीत अलख एवं मानव सेवा ट्रस्ट की टीम द्वारा उनका फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया गया। मेयर श्री राजीव जैन ने मानव सेवा ट्रस्ट के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सर्दियों में जरूरतमंदों को कंबल उपलब्ध कराना न केवल सामाजिक दायित्व है, बल्कि यह मानवता की सच्ची सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण भी है। उन्होंने ट्रस्ट को भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रखने के लिए शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम के दौरान महासचिव एवं उपाध्यक्ष श्री राकेश शर्मा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मानव सेवा ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुँचाना है।
वहीं मोहनिदर पाल वशिष्ठ ने मानव सेवा ट्रस्ट की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए ट्रस्ट के सेवा भाव की सराहना की। पालाराम ने अध्यक्ष सुमीत अलख के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में ट्रस्ट निरंतर समाज सेवा के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
इस सेवा कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें विजय मलिक, प्रेम नारंग (आर.के. स्वीट्स), मोहनिदर खुराना, संजय अरोड़ा, राम प्रकाश हुड्डा, यशपाल दुडेजा, एम.जी. रंजन, जुगल ज्योति, अरुण धमीजा, कृष्ण पाल शर्मा, नरेश नासा, राकेश मल्होत्रा, राज कुमार,रुशंक अलख, सुनील मुसाफिर, संजीव, राजेश हासिजा, युवराज कालरा, हरिचंद एवं कश्मीरी लाल प्रमुख रूप से शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष सुमीत अलख ने सभी सदस्यों, दानदाताओं, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही ऐसे सेवा कार्य संभव हो पाते हैं और भविष्य में भी मानव सेवा ट्रस्ट इसी भावना के साथ समाज सेवा के कार्य करता रहेगा।
समापन अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने “जय श्री राम” के जयघोष लगाए तथा “वाहेगुरु जी” का सामूहिक जाप किया। आध्यात्मिक वातावरण और सेवा-भाव से ओतप्रोत इस क्षण ने पूरे कार्यक्रम को एक सकारात्मक, प्रेरणादायक और सौहार्दपूर्ण संदेश के साथ पूर्णता प्रदान की।








